Friday, November 23, 2018

शिवसेना सांसद राउत ने कहा- 17 मिनट में बाबरी तोड़ दी थी

शिवसेना सांसद संजय राउत शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कहा- हमने 17 मिनट में बाबरी तोड़ दी थी, तो कानून बनाने में कितना समय लगेगा। राउत ने कहा- राम मंदिर बनाने का जो भी विरोध करेगा, वो देश में घूम नहीं पाएगा। उन्होंने कहा- कल शिवसेना प्रमुख ऊद्धव ठाकरे भी अयोध्या आएंगे। वे यहां लक्ष्मण किला में होने वाले कार्यक्रम और सरयू आरती में शामिल होंगे।

राउत ने कहा- राष्ट्रपति भवन से लेकर उत्तर प्रदेश तक भाजपा की सरकार है। राज्यसभा में ऐसे बहुत सांसद हैं, जो राम मंदिर के साथ खड़े रहेंगे। जो विरोध करेगा, उसका देश में घूमना मुश्किल हो जाएगा। 25 नवंबर को होने वाले धर्मसभा कार्यक्रम में शिवसेना के नाम शामिल होने पर राउत ने कहा- विहिप और संघ से हमारा कोई टकराव नहीं है। धर्मसभा की पहले जानकारी होती तो साथ कार्यक्रम करते। विहिप और शिवसेना के कार्यक्रम में कोई फर्क नहीं है, बस तारीख में अंतर आया है। 

पहले मंदिर, फिर सरकार- राउत

राउत ने कहा, मंदिर व हिंदुत्व के लिए पार्टी ने अपनी प्रतिष्ठा सदैव दांव पर लगाई है, इसलिए हमने नारा दिया है कि पहले मंदिर फिर सरकार। यदि 2019 में भाजपा मंदिर मुद्दा उठाती है तो बिना राम मंदिर बनाए, यह मंजूर नहीं होगा। बाल ठाकरे भी अयोध्या आना चाहते थे। महाराष्ट्र से जो शिवसैनिक आ रहे हैं, वह भक्तों के रूप में आ रहे हैं। हमारा 25 साल से इस भूमि से भावनात्मक रिश्ता जुड़ा है। मुख्यमंत्री से मेरी मुलाकात हुई है। योगीजी को हम संत मानते हैं। उनका आशीर्वाद लेकर हम कार्यक्रम कर रहे हैं।

25 को ऊद्धव का अयोध्या में कार्यक्रम

24 नवंबर दोपहर दो बजे अयोध्या पहुंचेंगे
3 बजे लक्ष्मण किला पर संताें का आशीर्वाद लेंगे
शाम छह बजे सरयू आरती
25 नवंबर रविवार को सुबह 9 बजे रामलला का दर्शन करेंगे

No comments:

Post a Comment